IND vs AUS 2nd ODI : रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत की निगाहें सीरीज कब्जाने पर

भारतीय टीम रविवार को जब दूसरे वनडे में आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने उतरेगी तो फिर से सभी की नजरें लोकेश राहुल और रविंद्र जडेजा पर लगी होंगी जिसमें नियमित कप्तान रोहित शर्मा भी टीम की अगुआई के लिये वापसी करेंगे जो मुंबई में पहला मैच नहीं खेल पाये थे।

भारत ने वानखेडे स्टेडियम में आस्ट्रेलिया को कम स्कोर वाले मैच में पांच विकेट से पराजित किया था जिसमें राहुल ने नाबाद 75 रन की संयमित पारी खेली थी। वह बॉर्डर-गावस्कर श्रृंखला के दौरान फॉर्म हासिल करने में जूझते दिखे थे जिससे उन्हें तीसरे और चौथे टेस्ट से बाहर कर दिया गया था।

जडेजा भी घुटने की चोट और फिर हुई सर्जरी के कारण करीब आठ महीने के बाद वनडे क्रिकेट खेल रहे थे, उन्होंने शुक्रवार को नाबाद 45 रन बनाये थे। उन्होंने साथ ही कसी गेंदबाजी करते हुए 46 रन देकर दो विकेट झटके जिससे ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने। भारत इस साल वनडे विश्व कप की मेजबानी कर रहा है और फॉर्म में चल रहे राहुल और पूरी तरह से फिट जडेजा टीम के लिये महत्वपूर्ण होंगे। तीन मैचों की यह श्रृंखला चयनकर्ताओं को इन दोनों की प्रगति का आकलन करने में मदद करेगी।

वहीं भारतीय टीम इस मुकाबले में जीत से श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करना चाहेगी और बल्लेबाजी में भी सुधार करना चाहेगी क्योंकि एक समय टीम ने 39 रन तक चार विकेट गंवा दिये थे और बाद में स्कोर पांच विकेट पर 83 रन हो गया था जिसके बाद राहुल और जडेजा ने मिलकर मेजबान टीम को 61 गेंद रहते जीत दिलायी थी। कप्तान रोहित शर्मा की वापसी से निश्चित रूप से शीर्ष क्रम मजबूत होगा जो आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क की रफ्तार और ‘वैरिएशन’ के आगे पस्त हो गया था।

टीमें

  • भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, लोकेश राहुल(विकेटकीपर), ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, शारदुल ठाकुर , अक्षर पटेल, जयदेव उनादकट।
  • ऑस्ट्रेलिया: स्टीव स्मिथ (कप्तान), डेविड वार्नर, ट्रेविस हेड, मार्नुस लाबुशेन, मिशेल मार्श, मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स कैरी, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस, सीन एबॉट, एश्टन एगर, मिशेल स्टार्क, नाथन एलिस, एडम जम्पा।
  • मैच दोपहर एक बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

यह भी पढ़ें