सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे करवाया जा रहा है। दतिया, ग्वालियर और अशोकनगर में 17 मार्च को ओलावृष्टि से फसलों को क्षति हुई है। गेहूँ, चना और सरसों की फसलों में आंशिक क्षति की जानकारी मिली है। ग्वालियर जिले के सगोरा में पशु हानि होने की सूचना भी मिली है। इन क्षेत्रों में सर्वे के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे के बाद किसान भाइयों को राहत राशि देने का काम शुरू किया जाएगा।सीएम शिवराज सिंह चौहान ने किसान भाइयों को आश्वस्त किया कि सर्वे के बाद किसानों को राहत राशि और फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाएगा। शासकीय अमला सर्वे के लिए खेतों में जा रहा है।शुक्रवार को दतिया में 10 से 12 गाँव, ग्वालियर में 8 से 10 गाँव और अशोकनगर में 5 से 7 गाँव में फसल को नुकसान हुआ है।गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया जिले के बसई क्षेत्र में जाकर ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त फसलों का मौका-मुआयना किया और कहा कि क्षतिग्रस्त फसलों का हरसंभव मुआवजा दिलाना सुनिश्चित करेंगे।
संकट के समय में सरकार किसान भाइयों के साथ है। उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि क्षतिग्रस्त फसलों के नुकसान पर राहत राशि सरकार द्वारा दी जायेगी। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को हुई ओलावृष्टि में बसई क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपुरा, जगतपुर, नयाखेड़ा, सतलौन इत्यादि गाँव में गेहूँ एवं सरसों की फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं।उन्होंने कलेक्टर एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त फसलों का तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।











