जबलपुर पाटन में दो पक्षों में विवाद, पहले गोली चलाई फिर कुल्हाड़ी से हमला

रंजिश के चलते पाटन में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष ने जहां गोली चलाई और फिर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट की। पुलिस ने दोनों पक्षों पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि चौधरी मोहल्ला निवासी विवेक बहुरे और कीरत सिंह लोधी पड़ोसी हैं। दोनों के बीच में जमीन का विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। विवेक अपने मकान में निर्माण कार्य कर रहा था। तभी कीरत सिंह लोधी उर्फ गुड्डा 12 बोर का कट्टा लेकर वहां पहुंचा और विवेक से अभद्रता कर दी। विवेक ने उसे ऐसा करने से मना किया तो कीरत ने विवेक की तरफ कट्टा कर फायर कर दिया। विवेक झुक गया तो गोली उसके बगल से निकली और दीवार में जा लगी। फायरिंग की आवाज सुनते ही विवेक का भाई आनंद बाहर पहुंचा और कीरत के हाथ से कट्टा छुड़ाने की कोशिश की, तो कीरत अपने घर में घुसा और कुल्हाड़ी निकाल लाया और विवेक पर वार कर दिया। जिसके बाद विवेक और बबलू ने कीरत सिंह लोधी से मारपीट कर दी। कीरत की पत्नी राधा बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। विवेक की रिपोर्ट पर पुलिस ने जहां कीरत पर हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया, वहीं कीरत की रिपोर्ट पर विवेक व उसके भाई पर मारपीट, धमकी देने और अभद्रता का प्रकरण दर्ज किया।

यह भी पढ़ें