भोपाल से बेंगलुरू तक इंडिगो की सायंकालीन उड़ान बुधवार 01 मार्च से शुरू हो गई। इस नई उड़ान सेवा को लेकर यात्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। पहले दिन ही भोपाल से 175 यात्री बेंगलुरू रवाना हुए। वहीं बेंगलुरू से 135 यात्री इस उड़ान के जरिए भोपाल पहुंचे।
इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों द्वारा लंबे समय से की जा रही मांग को देखते हुए इस रूट पर शाम की उड़ान प्रारंभ की है। बेंगलुरू तक सुबह की उड़ान भी पहले की तरह संचालित होती रहेगी। नई उड़ान शुरू होने से बेंगलुरू में कार्यरत आइटी प्रोफेशनल्स एवं छात्र वर्ग को बड़ी सुविधा हो गई है। इंडिगो की पहले से संचालित सुबह की उड़ान में भी औसत पैसेंजर लोड 80 प्रतिशत तक है। इवनिंग उड़ान में तो पहले ही लगभग 90 प्रतिशत सीटें बुक हो गई। दो उड़ानें होने से यात्रियों के पास सुबह के साथ शाम को भी जाने का विकल्प हो गया है।











