बारिश से आफत, 7 की मौत

रांची.
रांची समेत पूरे झारखंड में रविवार को बारिश आफत बनकर बरसी। इस दौरान दीवार गिरने, डूबने और वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। बारिश के कारण राज्य के नदी-नाले उफान पर हैं। आधा दर्जन से अधिक मकान धराशायी हो गए। कई जगह पेड़ भी गिरे, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। विमान सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिन तक रांची समेत पूरे राज्य में भारी बारिश होगी। रांची समेत राज्य में अगले चार दिनों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में रांची, रामगढ़, गुमला, लोहरदगा,लातेहार में भारी बारिश हो सकती है। वहीं खूंटी, सिमडेगा, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार बारिश के कारण पलामू के पूर्वी इलाकों में सभी आहर-तालाब भर गए हैं। नदियों में भी उफान है। लातेहार में भारी बारिश से कल्वर्ट ध्वस्त हो गया। हजारीबाग में एक कच्चा मकान गिर गया। यहां दारू में रामदेव खरका पंचायत और दिगवार पंचायत को जोड़ने वाले कोनार पुल पर पानी बहने लगा है। इससे दिगवार और चुरचू से झुमरा और दिगवार आने वाले लोग फंस गए हैं। शहर से सटे छड़वा डैम में भी पानी खतरे के निशान तक पहुचा गया है। स्थिति की गंभीरता को देख फाटक को खोलने का आदेश दे दिया गया है। रामगढ़ के रजरप्पा में भैरवी में उफान से कई अस्थाई दुकानें बह गईं। लोहरदगा में भी सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा।
संताल-कोयलांचल में तबाही
 संताल कोयलांचल में ज्यादा तबाही हुई। धनबाद के पुटकी में, पाकुड़ के हिरणपुर में तो गिरिडीह के गावां में एक-एक मकान गिर गए। बोकारो के सेक्टर 8 में एक क्वार्टर की बालकनी ध्वस्त हो गयी। धनबाद में सड़कों पर पानी भर गया। भूली में सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। गिरिडीह के नौलखा डैम का बांध टूटने से दर्जनों किसानों की फसल नष्ट हो गई है। वहीं बोकारो के गरगा डैम में पानी बढ़ने से नदी में पानी छोड़ा गया है। वहीं जामताड़ा में वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई।
चांडिल डैम के छह फाटक खोले गए
लगातार बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर 181.75 मीटर पर पहुंच गया। इसके बाद डैम के 13 में से छह फाटक को एक-एक मीटर तक खोल दिया गया। डैम के फाटक से 698 क्यूसेक पानी स्वर्णरेखा नदी में छोड़ा जा रहा है। इससे जमशेदपुर के निचले इलाके में पानी बढ़ने के आसार हैं।
हातमा में उफनते नाले में बहा युवक, लापता
रांची में भारी बारिश से हातमा सरईटांड़ में उफनते नाले में एक युवक देव प्रसाद उर्फ छोटू बह गया। छोटू की अटल वेंटर मार्केट में दुकान है। बताया जा रहा है कि छोटू दुकान से घर लौट रहा था तभी नाला पार करने के दौरान वह बह गया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने खोजबीन भी की पर खबर लिखे जाने तक कुछ पता नहीं चल सका।
रातू में एनएच पर डायवर्सन बहा, यातायात प्रभावित
रातू के मुरगू में एनएच-75 पर बना डायवर्सन रविवार देर शाम भारी बारिश के कारण बह गया। इससे रांची-मेदिनीनगर रूट पर वाहनों का परिचालन ठप हो गया। बाद में प्रशासन ने रूट डायवर्ट किया। उसके बाद ब्राम्बे से हाजी चौक होते हुए वाहनों को भेजा जा रहा है। राज्य में बारिश के साथ वज्रपात ने भी कहर बरपाया। पलामू के नौडीहा डूबने से जहां दो सगी बहनों की मौत हो गई। वहीं बोकारो में मिट्टी की दीवार गिरने से बच्ची की जान चली गई। जामताड़ा के नारायणपुर में रविवार शाम वज्रपात से तीन बच्चों समेत चार की मौत हो गई।

निम्न दबाव के कारण चार दिन होगी बारिश –

झारखंड और बंगाल के गांगेय क्षेत्र के ऊपर कायम निम्न दबाव के कारण अगले चार दिनों तक बारिश होगी। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने का ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
अभिषेक आनंद वैज्ञानिक, मौसम विभाग, रांची


Warning: Attempt to read property "display_name" on bool in /home/u300579020/domains/padmavatiexpress.com/public_html/wp-content/plugins/userswp/widgets/authorbox.php on line 147

Warning: Attempt to read property "ID" on bool in /home/u300579020/domains/padmavatiexpress.com/public_html/wp-content/plugins/userswp/widgets/authorbox.php on line 148

Warning: Attempt to read property "user_nicename" on bool in /home/u300579020/domains/padmavatiexpress.com/public_html/wp-content/plugins/userswp/widgets/authorbox.php on line 169

Warning: Attempt to read property "user_registered" on bool in /home/u300579020/domains/padmavatiexpress.com/public_html/wp-content/plugins/userswp/widgets/authorbox.php on line 170

Warning: Attempt to read property "user_url" on bool in /home/u300579020/domains/padmavatiexpress.com/public_html/wp-content/plugins/userswp/widgets/authorbox.php on line 171
Author:

यह भी पढ़ें