देश के 52 शक्तिपीठों में से एक शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में पूजा कराने के नाम पर आनलाइन बुकिंग की जा रही है। कुछ लोगों ने मंदिर के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर यह गोरखधंधा शुरू किया है। मामले की जानकारी मिलने पर मंदिर प्रशासन ऐसे लोगों की जानकारी जुटा रहा है। इनके विरुद्ध पुलिस में एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।
पुजारी लाल गिरी ने बताया हरसिद्धि में पूजा के नाम पर बाहरी लोग आनलाइन बुकिंग कर रहे हैं। कुछ लोग अपने आप को हरसिद्धि मंदिर का पुजारी बताकर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी भ्रमित करते हैं। मामले की शिकायत मंदिर प्रशासक से की है।
हरसिद्धि मंदिर में आनलाइन पूजा करने की शिकायत
मामले में प्रबंधक अवधेश जोशी ने बताया कि हरसिद्धि मंदिर में आनलाइन पूजा कराने की शिकायत प्राप्त हुई है। हरसिद्धि मंदिर के नाम पर चल रही फर्जी वेबसाइट की जानकारी जुटाई जा रही है। उन श्रद्धालुओं से भी संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनके पास पूजा कराने वालों के नंबर हैंजानकारी जुटाने के बाद संबंधितों के विरुद्ध पुलिस में एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। प्रबंधक जोशी ने बताया कि हरसिद्धि मंदिर में किसी भी प्रकार की आनलाइन पूजा नहीं होती है। जिन श्रद्धालुओं को मंदिर पूजन, अनुष्ठान, माता का शृंगार अथवा दीपमालिका प्रज्वलित कराने के लिए बुकिंग करानी हो, वे मंदिर परिसर स्थित प्रबंध समिति के कार्यालय में संपर्क करें। आनलाइन माध्यम से किसी भी प्रकार की बुकिंग नहीं कराएं। इससे श्रद्धालुओं के साथ ठगी भी हो सकती है।











