मुरैना हत्याकांड की मास्टरमाइंड पुष्पा हुई गिरफ्तार

मां अपने बच्चे को हमेशा सदमार्ग पर चलने की शिक्षा देती है और उसका भविष्य संवारती है। चंबल के मुरैना जिले के लेपा गांव की एक मां ने अपने बेटे का भविष्य सुधारने की बजाए उसे कातिल बना दिया। इस महिला ने अपने पति की हत्या का बदला लेने के लिए अपने बेटे के हाथों में बंदूक थमा दी। एक-एक करके अपने बेटे के हाथों से 6 लोगों की हत्या करवा दी। अब इस महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मुरैना के लेपा गांव में शुक्रवार को 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। बाकी बचे 7 फरार आरोपियों पर पुलिस ने इनाम राशि बढ़ाकर 30-30 हजार रुपए कर दी है।
हत्याकांड में शामिल भूपेंद्र पुत्र सोवरन सिंह तोमर, अजीत पुत्र वीरभान सिंह तोमर, सोनू पुत्र वीरभान सिंह तोमर, श्यामू पुत्र धीर सिंह तोमर, मोनू पुत्र धीर सिंह तोमर, रामू पुत्र धीर सिंह तोमर और गौरव पुत्र सूरजभान सिंह तोमर फरार हैं। चंबल महानिरीक्षक सुशांत कुमार सक्सेना सभी पर इनाम राशि बढ़ा दी है।

दरअसल, मुरैना जिले के लेपा गांव में दो दिन पहले जघन्य हत्याकांड हुआ था। लेपा गांव में 8 लोगों को गोली मार दी गई थी। इस वारदात में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और 3 महिलाओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ दिया था। वारदात के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई गई थी और पुरानी रंजिश के चलते ही छह लोगों की हत्या कर दी गई थी।
साल 2013 में लेपा गांव में कचरा डालने को लेकर गजेंद्र सिंह और धीर सिंह के परिवार के बीच विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान वीरभान और सोवरन नाम के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद गजेंद्र सिंह का परिवार गांव छोड़कर चला गया था। 10 साल बाद जब यह परिवार धीर सिंह के परिवार से समझौता हो जाने के बाद अपने गांव लौटा। यहां पर धीर सिंह के परिवार वालों ने 8 लोगों को गोली मार दी, जिनमें से 6 लोगों की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें