मध्‍य प्रदेश में बेमौसम बारिश का दौर जारी, चंबल में गिरे ओले, फसलों को नुकसान

बुधवार दोपहर बाद मध्‍य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। अनेक शहरों में तेज हवा के साथ बादल गरज रहे हैं। गरजचमक के साथ धूलभरी आंधी भी चल रही है। राज्‍य में बेमौसम बारिश का दौर भी जारी है। आज चंबल अंचल में ओलों के साथ बारिश हुई। धार जिले में भी ओले गिरे। बारिश और ओलों से फसलों को नुकसान की आशंका है।
लगातार तीसरे दिन बारिश से किसान परेशान हैं। उन्‍हें अपनी फसल खराब होने का अंंदेशा है। बुधवार को ग्‍वालियर के साथ ही श‍िवपुरी और मुरैना जिले में बारिश हुई। जिले के ग्रामीण अंचलों में बारिश से खेतों में खड़ी फसल के खराब होने की आशंका गहरा गई है। श‍िवपुरी जिले के पिछोर ब्‍लाक में भी बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। यही हाल मुरैना जिले के अनेक गांवों का रहा।

धार जिले के अनेक गांवों में ओलावृष्टि हुई। किसानों के अनुसार बारिश और ओलों से फसलें पूरी तरह खराब हो गई है।
जानकारों के अनुसार वर्तमान में राजस्थान पर बनी दो मौसम प्रणालियों के कारण वातावरण में नमी आ रही है। इस वजह से मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बादल बने हुए हैं। शेष जिलों में मौसम अब शुष्क होने लगा है। राजधानी में आसमान साफ होने से धूप खिली है।

यह भी पढ़ें