तेलंगाना में न्यायाधीश के बेटे के खिलाफ एफआइआर, छेड़छाड़-यौन शोषण का लगा है आरोप

तेलंगाना के करीमनगर जिले में एक महिला की शिकायत के आधार पर एक न्यायाधीश के बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला ने उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। एफआइआर 14 फरवरी को आइपीसी की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई थी।शुक्रवार को तेलंगाना हाई कोर्ट को इस संबंध में सूचित किया गया था। पुलिस ने बताया कि महिला ने हाल ही में हाई कोर्ट में एक याचिका दायर कर पुलिस को न्यायाधीश के बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की थी। आरोप लगाया गया था कि उसने पिछले साल उसके साथ छेड़छाड़ करने और यौन शोषण करने का प्रयास किया था।याचिका में महिला ने कहा कि जब वह शिकायत लेकर करीमनगर पुलिस के पास पहुंची तो मामला दर्ज नहीं किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हाई कोर्ट ने बुधवार को करीमनगर टाउन के थाना अध्यक्ष को 16 फरवरी को अपने समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था। इसी के तहत थाना अध्यक्ष हाई कोर्ट के समक्ष उपस्थित हुए।

यह भी पढ़ें