मिशन 2023 में जुटी प्रदेश भाजपा में बैठकों का दौर जारी है। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा नेताओं ने लोकसभा क्षेत्रों के प्रवास के बाद मिले फीडबैक को साझा किया। भाजपा का दावा है कि सभी 11 लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भारी जनाक्रोश है। इसका फायदा आगामी विधानसभा चुनाव में मिलेगा। बैठक में भाजपा को और अधिक सक्रियता के साथ काम करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा ने बताया कि भाजपा कोर ग्रुप के साथ छत्तीसगढ़ बचाओ, कांग्रेस भगाओ अभियान की टीम की एक बड़ी बैठक संपन्न् हुई। जिसमें प्रदेशभर के सभी लोकसभा क्षेत्रों में प्रवास के बाद का फीडबैक प्रस्तुत किया गया। लोकसभा प्रवास की तथ्यात्मक रिपोर्ट के साथ चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों से यह बात पुष्ट हुई कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस की भ्रष्ट, अराजक और वादाखिलाफी करने वाली सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर आक्रोश है।
शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास के लिए हमें साढ़े पांच लाख से अधिक आवेदन मिले हैं, जिन्हें पंजीकरण और स्वीकृति के बाद भी प्रधानमंत्री आवास नहीं मिले। शहरी क्षेत्रों में भी यही स्थिति है। हर जगह कांग्रेस सरकार के विरुद्ध जनता आक्रोश व्यक्त करते हुए भाजपा के साथ खड़ी है। संभाग प्रभारियों और महामंत्रियों की बैठक भी हुई। इसमें आगामी रणनीतियों पर सहमति बनी है।
बैठक में प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल,प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी और भाजपा मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर सहित अन्य नेता मौजूद रहे।भाजपा प्रदेश सहप्रभारी नितिन नवीन ने कहा कि आप सब की संयुक्त ताकत से जनता को हम उसका हक दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे। मंच संचालन प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने किया। भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि किस तरह हम मुद्दों के आधार पर लोगों से जुड़ने में अधिक सफल होंगे।
इस दौरान बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय, युवा मोर्चा प्रदेश प्रभारी आलोक डंगस, किसान मोर्चा प्रदेश प्रभारी बजरंगी यादव, किसान मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री बाबूलाल जेबालिया, किसान मोर्चा प्रदेश प्रभारी वेलजीभाई मसानी, महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी निशा सिंह सहित सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद रहे।











