Padmavati Express

जबलपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

शहपुरा थाना अंतर्गत जबलपुर मुख्य मार्ग में ग्राम गुरैया बरखेड़ा वेयरहाउस के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अनुराग जामदार ने बताया कि शहपुरा से दोनों युवक अपने ग्रह ग्राम दलका खमरिया जा रहे थे।

 

शुक्रवार की दोपहर जबलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार रामकुमार मसराम पिता सोहन सिंह मसराम उम्र 20 वर्ष व हेमंत वरकडे पिता अग्नू सिंह वरकड़े उम्र 21 वर्ष दोनों निवासी ग्राम दलका खमरिया को गंभीर चोट आई थी।

 

दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा लाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चार पहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

 

दुर्घटना करने वाला वाहन दिल्ली पासिंग का है। इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है। सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन भी शहपुरा पहुंच गए हैं। दुर्घटना होने पर दोनों युवकों के सिर में ज्यादा चोट होने पर मृत्यु होना बताया गया। पुलिस वाहन चालक की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें